गिरिजेश जायसवाल ने दिखाई हरी झंडी, सिसवा के परिषदीय बच्चे शैक्षणिक यात्रा पर रवाना
महाराजगंज - सिसवा विकासखंड के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों का दल राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत शैक्षणिक यात्रा हेतु ब्लॉक संसाधन केंद्र सिसवा से रवाना हुआ। इस शैक्षणिक यात्रा का शुभारंभ सिसवा नगर पालिका परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए चेयरमैन प्रतिनिधि ने कहा कि देशाटन से बच्चों के सर्वांगीण व्यक्तित्व का विकास होता है। शैक्षणिक यात्राओं के माध्यम से बच्चे नई-नई जानकारियाँ प्राप्त करते हैं, उनकी जिज्ञासाओं का विस्तार होता है और व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि होती है। विशेष रूप से समाज के निचले तबके के बच्चों के लिए ऐसे शैक्षणिक टूर समाज को मजबूती प्रदान करते हैं।
यात्रा प्रभारी वरिष्ठ एआरपी अरविंद जायसवाल ने बताया कि इस शैक्षणिक टूर के दौरान बच्चों को चिड़ियाघर, रेल म्यूजियम, एम्स तथा फर्टिलाइज़र इकाई का भ्रमण कराया जाएगा। विज्ञान प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित 100 बच्चों के लिए दो बसों की व्यवस्था की गई है। यात्रा के दौरान बच्चों के लिए जलपान एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है तथा शासन द्वारा विशेष ड्रेस भी उपलब्ध कराई गई है।
शैक्षणिक यात्रा को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर विज्ञान के एआरपी देवेंद्र पटेल, गणित के एआरपी सूरज यादव, बैजनाथ प्रजापति, विद्यासागर प्रजापति, अंशिका द्विवेदी, अवधेश कुमार, मंजू यादव, प्रीति, मोनिता यादव, मानसी गोयल, धनंजय शुक्ला, सुधीर कुमार रंजन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं बच्चों के साथ मौजूद रहीं।
रिपोर्टर मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.