सिसवा बाजार में नरसिंह शोभायात्रा को लेकर हिन्दू कल्याण मंच की बैठक सम्पन्न, भव्य आयोजन की रूपरेखा तय

महाराजगंज : सिसवा बाजार में स्थानीय संगठन हिन्दू कल्याण मंच की आगामी नरसिंह शोभायात्रा को लेकर कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक मंच सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में होली महापर्व के अवसर पर निकाली जाने वाली पारंपरिक नरसिंह शोभायात्रा की विस्तृत रूपरेखा तय की गई तथा आयोजन से जुड़ी जिम्मेदारियाँ सभी कार्यकर्ताओं में वितरित की गईं।

बैठक की अध्यक्षता मंच अध्यक्ष प्रमोद मद्धेशिया ने की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पूर्णिमा पर भद्रा एवं चंद्रग्रहण के संयोग को देखते हुए पुरोहितों की सलाह के अनुसार 2 मार्च की रात्रि 12:50 बजे होलिका दहन किया जाएगा, जबकि 4 मार्च को होली महापर्व मनाया जाएगा। इसी शुभ अवसर पर भगवान नरसिंह की भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।

अध्यक्ष ने कहा कि इस वर्ष नरसिंह शोभायात्रा पहले से कहीं अधिक भव्य और दिव्य होगी। शोभायात्रा का नेतृत्व महंत श्री शिवनारायण दास जी महाराज (श्री राम जानकी मंदिर, सोनौली, महराजगंज) एवं महंत श्री शंभू नाथ जी महाराज (श्री राम जानकी मंदिर, बेलहिया) करेंगे। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सिद्धार्थनगर के सह विभाग प्रचारक अजीत भाई साहब के बौद्धिक उद्बोधन के उपरांत शोभायात्रा निकाली जाएगी।

परंपरा के अनुसार शोभायात्रा प्रातः 8 बजे श्री रामजानकी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर काली मंदिर, स्टेट चौक, सब्जी मंडी मार्ग, श्री श्याम मंदिर, रेलवे स्टेशन, पुरानी पुलिस चौकी होते हुए गोपाल नगर मार्ग से श्री श्री 1008 हनुमानजी गढ़ी मंदिर तक जाएगी। इसके पश्चात शोभायात्रा गोपाल नगर चौराहे से अमरपुरवा होते हुए पुनः श्री रामजानकी मंदिर पर सम्पन्न होगी।

मंच की ओर से नगरवासियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में सम्मिलित हों तथा शोभायात्रा मार्ग पर स्वागत स्वरूप मटकी बाँधकर आयोजन को भव्य बनाने में सहयोग करें, जिसे यात्रा के दौरान परंपरानुसार फोड़ा जाएगा।

बैठक में अमित पूरी, नितेश कुमार श्रीवास्तव, रवि यादव, विकास जायसवाल, मोहन रौनियार, रविराज जायसवाल, विवेक जायसवाल, अंकित लाठ, आशीष अग्रवाल, उमेश जायसवाल, विशाल सिंह, राजकुमार जायसवाल, अंकित केडिया, श्यामदत्त पाण्डेय, योगेश जायसवाल, सुनील रौनियार सहित बड़ी संख्या में मंच के सदस्य उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.