भारी बारिश के बीच गिरिजेश जायसवाल रहे खास तौर पर सक्रिय, मस्जिदों का दौरा कर दी मुबारकबाद
महाराजगंज : सिसवा नगरपालिका एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को ईद-उल-फितर की नमाज़ भारी बारिश के बीच अकीदत के साथ अदा की गई। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में अकीदतमंद ईदगाहों और मस्जिदों में पहुंचे और देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल इस अवसर पर विशेष रूप से सक्रिय नजर आए। उन्होंने नगर की विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों का दौरा किया तथा मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी।
गिरिजेश जायसवाल ने कहा कि ईद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है, जिसे सभी को मिलकर आगे बढ़ाना चाहिए। उनके इस पहल की लोगों ने सराहना की।
नगर के मस्जिदिया टोला स्थित जामा मस्जिद ईदगाह, मदरसा अरबिया अतौररसूल, मिरशिकारी टोला स्थित मदरसा अरबिया इशातुल ओलूम मस्जिद, बीजापार मस्जिद तथा जैनी छपरा स्थित छोटी मस्जिद में नमाज़ अदा की गई।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों ने सिवइयां खिलाकर खुशियां बांटीं, वहीं ईदगाहों पर दोपहर तक मेले जैसा माहौल बना रहा।
इस मौके पर शिबू बनारसी, हासिम अंसारी, शिबू खान, रज़ाउल अंसारी, हाजी उमर साहब, मुख्तार खान, सरवरे आलम, एकलाख अहमद, अफरोज आलम, नौशाद अहमद, निशारे रहमत, नियाज़ अहमद और शाह अल्तमश सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए ईदगाहों पर सीओ निचलौल बसंत सिंह, थानाध्यक्ष कोठीभार धर्मेंद्र सिंह एवं सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.