मिशन शक्ति अभियान: कोठीभार में महिलाओं को किया गया जागरूक, सुरक्षा का दिया संदेश

महराजगंज : थाना कोठीभार क्षेत्र में सोमवार को मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। मिशन शक्ति टीम व एंटी रोमियो टीम ने क्षेत्र के मंदिरों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान उ0नि0 लकी पटेल व हे0का0 पंकज कुमार के नेतृत्व में महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीम ने ‘महिला हेल्पलाइन 181’, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘सखी-वन स्टॉप सेंटर’ और ‘पॉस्को एक्ट’ जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी साझा की।

अभियान के दौरान बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाते हुए लोगों को इनके दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। साथ ही, महिलाओं को 1090, 1076, 181, 112 और 1930 जैसे जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए और महिलाओं से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निडर होकर मदद लें।

यह अभियान महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.