रुद्रापुर में गेट निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों का विरोध तेज
महराजगंज : जनपद के सिसवा ब्लॉक के ग्राम रुद्रापुर में बन रहे गांव के मुख्य गेट के निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान और ठेकेदार की मिलीभगत से निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, गेट निर्माण में जहां गिट्टी की मजबूत ढलाई होनी चाहिए, वहां उसकी जगह ईंट के टुकड़ों (दुक्कों) का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं और भविष्य में गेट की मजबूती को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
इस मामले को लेकर गांव में विरोध भी तेज हो गया है। ग्रामीणों संतराज विश्वकर्मा, जयप्रकाश सिंह, सूर्य दयाल सिंह और जय प्रकाश मिश्र ने खुलकर विरोध जताते हुए निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी धन का दुरुपयोग कर घटिया निर्माण कराया जा रहा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, रुद्रापुर में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी जांच की मांग उठाई गई है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.