सिसवा बाजार में श्रीश्याम महोत्सव का भव्य आयोजन

महाराजगंज : सिसवा बाजार नगर पालिका स्थित श्रीश्याम मंदिर में चल रहे स्वर्ण जयंती श्रीश्याम महोत्सव के दूसरे दिन सोमवार को भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

कार्यक्रम के तहत भगवान श्रीश्याम के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को विधि-विधान के साथ छप्पन भोग अर्पित किया गया। सुबह से ही पूजा-अर्चना, आरती और अखंड भजन-कीर्तन का क्रम निरंतर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने सवामणी का प्रसाद अर्पित कर अपनी गहरी आस्था प्रकट की।

दोपहर तक छप्पन प्रकार के व्यंजनों से सुसज्जित भव्य भोग की तैयारी पूरी की गई। आकर्षक श्रृंगार से सुसज्जित लड्डू गोपाल को पालकी में विराजमान कर पूरे विधि-विधान के साथ छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर “जय श्रीश्याम” के जयघोष से गूंज उठा। शाम को आयोजित भजन संध्या में अंतर्राष्ट्रीय भजन गायक अमित अंजन ने अपने मधुर और भावपूर्ण भजनों से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु झूम उठे। भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु देर रात तक भजनों का आनंद लेते रहे।

इस अवसर पर अंकित लाठ, संत कुमार जालान, धीरज सिंघानिया, संदीप सिंघानिया, दिनेश भालोटिया, गिरधारी केडिया, बबलू शर्मा, रमेश सरावगी, सत्येंद्र शर्मा, रामू मित्तल, हरिराम भालोटिया, प्रिया सिंघानिया, ज्योति सिंघानिया, उमा जालान, संगीता अग्रवाल एवं राधा सरावगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.