करंट का कहर: मां-बेटे की दर्दनाक मौत से मोहल्ले में मचा कोहराम
महराजगंज : सिसवा नगर पालिका के चौधरी चरण सिंह मोहल्ले में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पानी भरने गए युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने दौड़ी मां भी उसी करंट की चपेट में आ गई। देखते ही देखते हंसता-खेलता परिवार मातम में बदल गया।
पानी लेने गया बेटा, मौत ने ले ली मां-बेटे की जान
शुक्रवार दोपहर खेत से लौटे किसान रामदेव चौधरी ने अपने बेटे से पानी मांगा। छोटा बेटा अखिलेश सिंह (18) गिलास लेकर हैंडपंप पर पहुंचा। जैसे ही उसने मोटर चालू किया, हैंडपंप में उतरे करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
अखिलेश की चीख सुनकर रसोई में काम कर रहीं उसकी मां रंभा देवी (65) दौड़कर पहुंचीं। बेटे को तड़पता देख उन्होंने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं और दोनों मौके पर ही अचेत हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही बुझ गई जिंदगी
परिजनों और आसपास के लोगों ने किसी तरह करंट से अलग कर मां-बेटे को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रामदेव चौधरी के चार बेटों में अखिलेश सबसे छोटा था। बड़े बेटे अर्जुन, बल्लू और दीपक बाहर रहकर नौकरी करते हैं, जबकि दोनों बेटियों देवकी और जानकी की शादी हो चुकी है।
परिवार पहले नागदा में रहता था, लेकिन करीब 10 साल पहले रामदेव गांव लौट आए और खेती-बाड़ी में जुट गए।
मौके पर पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तहसीलदार अमित सिंह, राजस्व निरीक्षक राम बचन, लेखपाल अनूप गुप्ता व अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना बेहद दुखद है, मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सवालों के घेरे में सुरक्षा इंतजाम
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बिजली सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर समय रहते उचित व्यवस्था और सावधानी बरती जाती, तो शायद यह हादसा टल सकता था।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.