सबया में सड़क हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत

महाराजगंज : सिसवा नगरपालिका क्षेत्र के सबया में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान सिसवा कस्बे के गोपालनगर मोहल्ला निवासी मोहन वर्मा (45) के रूप में हुई है, जो फेरी का काम करते थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को वह बहुअर बाजार गए थे और देर रात वहां से वापस सिसवा लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह घटना रात करीब 9:30 बजे हुई। जैसे ही मोहन सबया रेलवे क्रॉसिंग से आगे बढ़े, सिसवा की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद ट्रैक्टर मौके पर ही पलट गया, जिससे मोहन उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला।

घायल अवस्था में उन्हें तुरंत एम्बुलेंस के जरिए सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.