गो सम्मान आह्वान अभियान को जनपद में मिल रहा व्यापक समर्थन
महाराजगंज : महाराजगंज में गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए केंद्रीय कानून की मांग को लेकर चलाए जा रहे “गो सम्मान आह्वान अभियान” को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में अभियान के जिला प्रभारी योगेश जायसवाल के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान तेज़ी से चलाया जा रहा है।
आज आयोजित कार्यक्रम के तहत टीम ने प्रेम लाल सिंघानिया कन्या इंटर कॉलेज, बाबू ईश्वर सिंह मेमोरियल स्कूल, आरपीआईसी इंटर कॉलेज, किसान आदर्श इंटर कॉलेज और यूपी पब्लिक स्कूल में पहुंचकर छात्रों, शिक्षकों और आम लोगों को अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया। इस दौरान गो संरक्षण और गो हत्या पर देशव्यापी प्रतिबंध के लिए केंद्रीय कानून की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की गई।
अभियान को मिल रहे बढ़ते समर्थन के बीच बढ़हरा महंथ स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर के मुख्य महंत संकर्षण रामानुज दास जी महाराज ने भी इस पहल का समर्थन किया। उन्होंने आम जनमानस से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर श्रीमती शशिकला सिंह, पंकज तिवारी, सुरेंद्र मल्ल, कुंदन सिंह और वृजेश पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोगों ने अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराते हुए अभियान को मजबूती प्रदान की।
अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि जनपद के कोने-कोने में चल रहे इस जनसंपर्क अभियान को मिल रहा अपार समर्थन, भविष्य में बड़े जन आंदोलन का रूप ले सकता है।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया


No Previous Comments found.