काल बनकर दौड़ा ट्रेलर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

महाराजगंज : महराजगंज जनपद के थाना सिंदुरिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बलुईधुस में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गिट्टी से लदे तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान भारत खण्ड पकड़ी निवासी नौशाद (28), उनकी पत्नी सलेहा खातून (25) और उनकी सात माह की मासूम बेटी शहजादी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों मोटरसाइकिल से परतावल दवा कराने जा रहे थे। इसी दौरान बलुईधुस के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिंदुरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेलर और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि, यह घटना अत्यंत दुखद है। पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.