एसएस इंटरमीडिएट कॉलेज करमही का परचम, हाईस्कूल में आयुषी चौधरी प्रथम व इंटरमीडिएट में आस्था चौधरी सातवें स्थान पर

महाराजगंज : महराजगंज जनपद में इस वर्ष बोर्ड परीक्षा परिणामों में एसएस इंटरमीडिएट कॉलेज, करमही के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। हाईस्कूल परीक्षा में छात्रा आयुषी चौधरी ने पूरे जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया, जबकि इंटरमीडिएट वर्ग में आस्था चौधरी ने सातवां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

इन उपलब्धियों से विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है। विद्यार्थियों की इस सफलता ने न केवल उनके अभिभावकों को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। विद्यालय के प्रबंधक श्री अजय कुमार मिश्र ने मेधावी छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इससे प्रेरणा लेने की बात कही।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय कुमार मिश्र ने भी छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय हमेशा से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुशासन पर जोर देता रहा है, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। शिक्षक मनीष पाण्डेय सहित समस्त शिक्षकगण ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.