सिसवा बाजार: यूपी पब्लिक स्कूल का हिंदुस्तान ओलिंपियाड में परचम, जिले में रचा इतिहास
महाराजगंज : सिसवा बाजार स्थित यूपी पब्लिक स्कूल ने हिंदुस्तान ओलिंपियाड में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे जिले में अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी है। विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय—तीनों स्थानों पर कब्जा जमाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिससे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है।
इस उल्लेखनीय सफलता में कक्षा 5 के छात्र आराध्य मद्धेशिया ने प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम शीर्ष पर पहुंचाया। वहीं कक्षा 5 की छात्रा आस्था जायसवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कक्षा 3 के छात्र आतिफ आफताब ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया।
विद्यालय के प्रबंधक अनिल सिंह ने इस उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता न केवल छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम है, बल्कि शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का भी प्रतिफल है।
विद्यालय परिवार की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और यह सफलता आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.