गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग को लेकर निचलौल तहसील में सौंपा गया ज्ञापन

महराजगंज : जनपद के निचलौल तहसील में सोमवार, 27 अप्रैल 2026 को गौ हत्या पर पूरे देश में पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर एक व्यापक अभियान के तहत प्रार्थना पत्र सौंपा गया। यह अभियान वृंदावन के संतों के आह्वान पर “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के अंतर्गत देशभर के 700 जिलों और 5000 से अधिक तहसीलों में एक साथ चलाया गया। निचलौल में इस अवसर पर बड़ी संख्या में गौ सेवक, गौ प्रेमी, संत समाज और आमजन दामोदरी पोखरा के पास एकत्रित हुए। यहां से संत श्री बालक दास जी और संत श्री ब्रह्मानंद जी गिरी के नेतृत्व में भजन-कीर्तन करते हुए संकीर्तन रैली निकाली गई, जो शांतिपूर्वक तहसील परिसर पहुंची। रैली के माध्यम से उपस्थित लोगों ने अपनी मांगों को लेकर जागरूकता भी फैलाई।

अभियान के जिला प्रभारी योगेश जायसवाल ने बताया कि इस पहल के तहत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा जा रहा है। उन्होंने बताया कि निचलौल तहसील में कुल 4664 लोगों ने हस्ताक्षर कर इस मांग का समर्थन किया है, जिन्हें प्रार्थना पत्र के साथ उप जिलाधिकारी के माध्यम से संबंधित उच्चाधिकारियों को भेजा जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए केंद्रीय कानून बनाना, गौ माता को “राष्ट्र माता” का दर्जा देना, गौशाला मंत्रालय का गठन करना और गौवंश के लिए पर्याप्त चारा एवं संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है। जनपद महराजगंज की चारों तहसीलों में भी इसी अभियान के तहत तहसील प्रभारियों के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपे गए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अभियान को समर्थन दिया।

कार्यक्रम में योगेश जायसवाल,अमित पुरी,मिथिलेश पांडे,आशुतोष भालोटिया,बिपिन जायसवाल,रविराज जायसवाल,अतुल जायसवाल,कृष्ण मुरारी सिंह,अंकित लाठ,सूरज रावत,अनुप मद्धेशिया,अमित जायसवाल (मुन्ना) मोहित अग्रवाल,कन्हैया शर्मा, मयंक जायसवाल,विजय जी,ओमप्रकाश जी,रंजीत जी,राम कृष्णा मिश्र सहित अन्य गौ प्रेमी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.