सिसवा बाजार में व्यापार मंडल की अहम बैठक, यातायात सुधार पर जोर
महाराजगंज : जनपद के सिसवा बाजार स्थित कोठीभार थाने पर आज अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक थाना अध्यक्ष अखिलेश वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में बाजार की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात सुधार को लेकर कई अहम बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार से बाइक चलाने वाले युवाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि ओवरस्पीडिंग के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम लोगों और व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है। इसके साथ ही बाजार में स्पीड ब्रेकर की कमी को भी एक बड़ी समस्या के रूप में उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि स्पीड ब्रेकर न होने से सड़क हादसों की संख्या बढ़ रही है, इसलिए जल्द से जल्द आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाने चाहिए। थाना अध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। बैठक में व्यापार मंडल के संरक्षक शिव जी सोनी, अध्यक्ष शिब्बू खान, स्वर्णकार संघ अध्यक्ष दिनेश सोनी, महामंत्री अश्वनी रौनियार, कोषाध्यक्ष मकसूद अंसारी, उपाध्यक्ष दीपक जायसवाल व रजाउल अंसारी, संगठन मंत्री संतराज विश्वकर्मा गुप्ता और बनारसी गुप्ता सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। यह बैठक सिसवा बाजार में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.