सबया ढाला सिसवा महाराजगंज में वार्षिक परीक्षा परिणाम व पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न
महाराजगंज - सिसवा नगर पालिका परिषद में वार्ड नंबर 16 सरदार पटेल नगर सबया ढाला के शिवनारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में वार्षिक परीक्षा के अंक पत्र वितरण एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक विनय कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और निरंतर परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन रामाशंकर यादव द्वारा किया गया।
विद्यालय में नर्सरी से कक्षा 11 तक प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन द्वारा वर्षों से चली आ रही परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी प्रत्येक कक्षा में शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 30%, 25% एवं 20% शुल्क में छूट देने की घोषणा की गई। अंग्रेजी माध्यम में कक्षा 11E में अनिकेत कुमार प्रथम, दीपांशु कुमार गुप्ता द्वितीय व करन यादव तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा 9E में अनमोल कुमार व अंकुर सिंह प्रथम, प्रिया शर्मा द्वितीय एवं नंदनी यादव तृतीय स्थान पर रहीं। इसी प्रकार अन्य कक्षाओं में भी छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
हिंदी माध्यम में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 1H से लेकर 11वीं तक के विभिन्न वर्गों में छात्रों ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य अनिरुद्ध चौधरी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक शिवकुमार सिंह सहित गोपाल दुबे, धर्मराज खरवार, रामदास, रोहित कुमार, जन्मेजय सिंह, मनोज पटेल, सावित्री सिंह, अवधेश चौधरी, योगेंद्र नाथ शर्मा, बृजेश कुमार, शशि यादव, सुरेश गुप्ता, मोहम्मद वकील, श्वेता शर्मा, मैमूना, भारत प्रसाद, छोटेलाल, रामध्यान शर्मा, रत्नेश सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.