मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं को किया गया जागरूक

महराजगंज : थाना कोठीभार क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत आज दिनांक 04 मई 2026 को जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान म0उ0नि0 लकी पटेल, का0 चांदनी एवं का0 वैजयंती की टीम द्वारा क्षेत्र में भ्रमण कर बच्चों एवं बालिकाओं को सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना रहा। टीम ने उपस्थित छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, 1090, 1076, 112 एवं 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी, जिससे आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।

इसके साथ ही बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सखी-वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट एवं मिशन शक्ति जैसी सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। बालिकाओं को बताया गया कि ये योजनाएं उनके अधिकारों की रक्षा और उनके सशक्तिकरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

अभियान के दौरान टीम ने बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता फैलाई और लोगों से इन कुप्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में पंपलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.