“तेज बारिश भी नहीं तोड़ सकी लोगों का सब्र, गैस के लिए घंटों भीगती रही कतारें”
महराजगंज : महराजगंज जनपद के सिसवा क्षेत्र अंतर्गत सबया गांव में रसोई गैस की किल्लत लगातार गहराती जा रही है। बुधवार को हुई तेज बारिश के बीच भी लोग गैस सिलेंडर पाने की उम्मीद में घंटों तक कतार में डटे रहे। भीगते हुए इंतजार कर रहे ग्रामीणों की यह तस्वीर स्थानीय व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करती है।
बारिश के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की लंबी लाइनें देखने को मिलीं। कुछ लोग छाता और रेनकोट के सहारे खड़े रहे, जबकि कई बिना किसी बचाव के भीगते हुए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से गैस की आपूर्ति बाधित है, जिससे घरों में चूल्हा जलाना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि गैस एजेंसी द्वारा न तो समय पर पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और न ही होम डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि केवल बारिश ही नहीं, बल्कि कड़ी धूप में भी उन्हें इसी तरह घंटों लाइन में लगकर गैस लेनी पड़ती है। जबकि क्षेत्र में घर-घर गैस डिलीवरी के दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर यह व्यवस्था पूरी तरह नदारद है।
गांव के लोगों में इस समस्या को लेकर रोष व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति को तत्काल सुचारू किया जाए और होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए, ताकि आम जनता को इस तरह की परेशानियों से निजात मिल सके।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया


No Previous Comments found.