शिव नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सबया में मिशन शक्ति टीम ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
महराजगंज : थाना कोठीभार क्षेत्र अंतर्गत स्थित शिव नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में गुरुवार दिनांक 07 मई 2026 को मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना कोठीभार की मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो टीम एवं साइबर टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं नए कानूनों की जानकारी दी गई।
इस दौरान उपनिरीक्षक नेहा कुमारी, उ0नि0 योगेन्द्र तिवारी, म0रि0का0 प्रियंका एवं म0रि0का0 चंद्रकला ने विद्यालय पहुंचकर बालक एवं बालिकाओं को एकत्रित किया और उन्हें महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। टीम द्वारा छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 181, 1090, 1076, 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’, ‘पॉक्सो एक्ट’ एवं मिशन शक्ति अभियान से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। साथ ही बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करते हुए छात्र-छात्राओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से साइबर अपराधों से सतर्क रहने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का तुरंत उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं ने जागरूकता अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.