सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में मेधावियों ने लहराया परचम, क्षेत्र में खुशी की लहर

महराजगंज : प्रतिभा जब परिश्रम का हाथ थाम लेती है, तब सफलता इतिहास बन जाती है। कुछ ऐसा ही गौरवपूर्ण दृश्य उस समय देखने को मिला जब सीबीएसई बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होते ही स्थानीय सेंट जोसेफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिसवा के मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित कर दिया। विद्यालय परिसर में खुशी, उल्लास और गर्व का ऐसा वातावरण बना मानो सफलता स्वयं विद्यार्थियों का अभिनंदन करने पहुंच गई हो।

विद्यालय के होनहार छात्र अस्मित यादव ने 91.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता का नया अध्याय लिख दिया। वहीं सना खातून ने 90.6 प्रतिशत, विनायक सुरेका एवं वीरू भारती ने 90.2 प्रतिशत तथा सानिया रैनी ने 90 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय, परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और अथक परिश्रम के सामने कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में बधाइयों का तांता लग गया। मिठाइयां बांटी गईं, विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा अभिभावकों की आंखों में गर्व और खुशी के भाव स्पष्ट दिखाई दिए। शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का ही परिणाम है कि विद्यार्थियों ने सफलता की नई इबारत लिखी है।

विद्यालय के चेयरमैन ओ. ए. जोसेफ ने कहा कि
“हमारे विद्यार्थियों ने केवल अंक प्राप्त नहीं किए हैं, बल्कि अपने परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट संस्कारों से विद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। यह सफलता शिक्षकों की तपस्या, अभिभावकों के विश्वास और विद्यार्थियों के समर्पण का जीवंत उदाहरण है। हमें पूर्ण विश्वास है कि यही विद्यार्थी भविष्य में देश और समाज का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।”

विद्यालय के प्रधानाचार्य बैजू चेरियन ने कहा कि
“विद्यार्थियों की यह सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। हमारे छात्र-छात्राओं ने कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। विद्यालय सदैव बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता रहेगा।”

विद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुनहरे कल की कामना की है। विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण व्याप्त है।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.