बहू-बेटी सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं को किया गया जागरूक

महराजगंज - मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत थाना कोठीभार क्षेत्र के ख़ेसरारी मंशा छपरा गांव में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में म0उ0नि0 नेहा कुमारी एवं रि0म0का0 मधु की उपस्थिति में लगभग 60 महिलाओं एवं बालिकाओं ने सहभागिता की। सम्मेलन के दौरान मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को समाज में बढ़ रहे महिला संबंधित अपराधों जैसे छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न,दहेज हत्या,बलात्कार आदि के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं को इन अपराधों से निपटने एवं अपनी सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं लड़कियों को हेल्पलाइन नंबर 112,1090,102,181 तथा साइबर हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। सम्मेलन में वर्तमान समय में लड़कियों के घर से भागने जैसी घटनाओं पर भी चर्चा की गई तथा इससे परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को इस प्रकार की समस्याओं के निवारण संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने मिशन शक्ति टीम के इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की घटना होने पर वे हेल्पलाइन नंबरों एवं नजदीकी थाने से तत्काल संपर्क करेंगी।

रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.