ट्रॉली की मरम्मत के दौरान दर्दनाक हादसा, मिस्त्री की दबकर मौत
महराजगंज : जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत सबया उत्तर टोला में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रॉली मिस्त्री की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सबया उत्तर टोला निवासी रामदवन विश्वकर्मा (69 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय बलदेव विश्वकर्मा ट्रॉली का पहिया निकालकर उसे सपोर्ट पर खड़ा कर वेल्डिंग का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रॉली असंतुलित होकर पलट गई और वह उसके नीचे दब गए। हादसा करीब 12:30 बजे हुआ, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा थाना कोठीभार पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष कोठीभार ने बताया कि घटना पूरी तरह हादसा प्रतीत हो रही है तथा मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.