मुख्यमंत्री के निर्देश पर मेधावियों का सम्मान, आयुषी व आस्था चौधरी को मिला ₹21-21 हजार का पुरस्कार
महराजगंज : उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशन में यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए जिला मुख्यालय पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक की गरिमामयी उपस्थिति में जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्यामा सुरेंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज, करमही, सिसवा बाजार की छात्रा आयुषी चौधरी, जिन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया, को ₹21,000 का चेक, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय की छात्रा आस्था चौधरी, जिन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद स्तर पर सातवां स्थान हासिल किया, को भी ₹21,000 का चेक, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद दोनों छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं विद्यालय परिवार को दिया। समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रबंधक अजय कुमार मिश्र एवं प्रधानाचार्य विजय कुमार मिश्र ने कहा कि श्यामा सुरेंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज स्थापना काल से ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम देता आया है। विद्यालय के छात्र-छात्राएं लगातार जनपद, मंडल और प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण मनीष पांडेय, राकेश गुप्ता, अर्चना पाठक, त्रिलोकी चौहान, राहुल शर्मा, मोहन प्रजापति सहित समस्त शिक्षकों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि को संस्थान की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.