जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में शिव नारायण सरस्वती विद्या मंदिर के 6 मेधावियों का हुआ सम्मान
महराजगंज : जिला मुख्यालय पर आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिव नारायण सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सबया ढाला, सिसवा बाजार के छह प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट उपलब्धियों से विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया।
समारोह में जिलाधिकारी गौरव सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों को ₹2100 का चेक, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हाईस्कूल वर्ग में सुप्रिया चौधरी, आस्था मिश्रा, अनामिका चौधरी एवं अनुष्का को उनके उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए सम्मानित किया गया। वहीं इंटरमीडिएट वर्ग में शबनम खातून एवं स्मिता शर्मा को सम्मान प्राप्त हुआ।
विद्यालय के प्रबंधक शिवकुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अन्य छात्रों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग और विद्यार्थियों की मेहनत से यह सफलता संभव हुई है।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। विद्यालय परिवार ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.