युवाओं को खेती से जोड़ने की अनोखी पहल — अमृत इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ

महाराजगंज : आईपीएल फाउंडेशन एवं इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) शुगर मिल, सिसवां बाजार तथा राइज फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में अमृत इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत आज सिल्वर फिनिक्स बैंक्वेट हॉल, सिसवां बाजार में ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को कृषि एवं ग्रामीण विकास से जोड़ते हुए आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी प्रदान करना है।

कार्यक्रम में सिसवां चीनी मिल सहकारिता समिति के चेयरमैन श्री संजय राव, डा. सुभाष सिंह, संयुक्त निदेशक, गन्ना अनुसंधान केन्द्र, सेवरही, श्री सतेंद्र कुमार, वैज्ञानिक, गन्ना अनुसंधान केन्द्र, सेवरही, श्री धीरज सिंह, गन्ना प्रमुख, आईपीएल शुगर मिल सिसवां बाजार, श्री जितेन्द्र बहादुर सिंह, प्रगतिशील किसान, तथा राइज फाउंडेशन के सचिव श्री अभय त्रिपाठी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर चेयरमैन श्री संजय राव ने कहा कि कृषि क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है और अमृत इंटर्नशिप कार्यक्रम युवाओं को खेती से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम है। डा. सुभाष सिंह ने कहा कि आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती अपनाकर किसान अपनी आय और उत्पादकता दोनों बढ़ा सकते हैं। श्री धीरज सिंह ने कहा कि प्रशिक्षु किसानों के साथ कार्य करते हुए आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त करेंगे, जिससे खेती को अधिक लाभकारी बनाने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित 55 इंटर्न आगामी तीन माह तक किसानों के बीच कार्य करेंगे। इस दौरान वे मृदा स्वास्थ्य, फसल प्रबंधन, जैविक खेती, जल संरक्षण, उन्नत कृषि तकनीकों एवं सरकारी कृषि योजनाओं से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करेंगे। प्रत्येक इंटर्न को कार्यक्रम अवधि के दौरान ₹6,000 प्रतिमाह का भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।

राइज फाउंडेशन के सचिव श्री अभय त्रिपाठी ने बताया कि अमृत इंटर्नशिप कार्यक्रम युवाओं को कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ किसानों तक नई तकनीकों और बेहतर कृषि पद्धतियों को पहुंचाने का कार्य करेगा।
कार्यक्रम में चीनी मिल के अधिकारीगण, राइज फाउंडेशन के कार्यक्रम समन्वयक श्री अनिल सिंह सहित अन्य कर्मचारी एवं सभी 55 इंटर्न उपस्थित रहे।

अमृत इंटर्नशिप कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में कृषि के प्रति रुचि बढ़ाने, रोजगारोन्मुखी कौशल विकसित करने तथा किसानों और युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।


रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.