सिसवा को तहसील बनाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे व्यापारी
महराजगंज : महराजगंज सिसवा नगरपालिका में रविवार की देर शाम अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सिसवा को तहसील बनाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। जनप्रतिनिधियों की कथित उदासीनता से परेशान व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करने का निर्णय लिया है।
सिसवा को तहसील बनाने की यह मांग कई वर्षों से लंबित है। व्यापार मंडल ने 5 जनवरी को सिसवा बंद का आह्वान कर विरोध प्रदर्शन भी किया था। हालांकि, आश्वासनों के बावजूद इस दिशा में कोई सार्थक पहल नहीं हो पाई है।बैठक में व्यापारियों ने जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर गहरी चिंता व्यक्त की। व्यापारियों ने कहा कि सिसवा की लगातार उपेक्षा की जा रही है। व्यापारियों ने इस बात पर जोर दिया कि अब समय आ गया है कि नगर के सभी व्यापारी एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करें। उन्होंने इस संबंध में एक हस्ताक्षर अभियान चलाने का सुझाव भी दिया। व्यापारियों ने यह भी कहा कि पिछले 70 वर्षों में सिसवा की जनता को जनप्रतिनिधियों द्वारा केवल आश्वासन ही दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सिसवा आज तक न तो परिवहन निगम से जुड़ पाया है, न ही यहां तहसील, राजकीय कॉलेज या नए उद्योग स्थापित हो सके हैं। इसके अतिरिक्त, सिसवा स्टेशन भी जंक्शन नहीं बन पाया और खाद के लिए बनाया गया रैक प्वाइंट भी एक साल के भीतर बंद हो गया। बैठक में वरिष्ठ व्यापारी लक्ष्मण तुलस्यान, संगठन के अध्यक्ष शिबू खान, महामंत्री अश्वनी रौनियार, कोषाध्यक्ष मकसूद अंसारी, उपाध्यक्ष मनीष रौनियार, हरिलाल सोनी, दीपक जायसवाल, धीरज जायसवाल, रजाउल अंसारी, नवीन मद्धेशिया, विधिक सलाहकार अविनाश मद्धेशिया, संगठन मंत्री बनारसी गुप्ता, संतराज विश्वकर्मा, नगर मंत्री अनिल जायसवाल, प्रमोद गुप्ता, अंबुज शर्मा, साहेब सिंह सेठी, इरफान अंसारी और रवि जायसवाल सहित कई अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : अरुणेश कुमार गुप्ता
No Previous Comments found.