नमस्कार मेधा सम्मान समारोह में प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, छात्रों का बढ़ा उत्साह

महराजगंज : नमस्कार फाउंडेशन एवं आरपीआईसी स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित "नमस्कार मेधा सम्मान समारोह" में विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता तथा नायब तहसीलदार अंकुर सिद्धार्थ ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और जीवन में उच्च उपलब्धियां प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में बोर्ड परीक्षा के साथ-साथ जेईई मेन्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विशेष रूप से आरपीआईसी स्कूल के उन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने कुशीनगर में आयोजित रॉकेटरी प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।

सम्मानित विद्यार्थियों में कशिश गौण, वसुधा पांडेय, साक्षी, हर्षिता, महक मद्धेशिया, कोमल जायसवाल, आस्था जायसवाल, एकता यादव, कृतिका जायसवाल, आर्या मिश्रा, रिमझीम मद्धेशिया, मंडावी जायसवाल, सिखा, शीतल गुप्ता, निशा चौधरी, रिया, आकाश चौरसिया, किरण विश्वकर्मा, वीरू, सत्यम कुशवाहा, कुलदीप कुशवाहा, रवि, कृष्णा चौहान तथा मेहवश सहित अनेक छात्र-छात्राएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम में जेईई मेन्स में 99 परसेंटाइल हासिल करने वाले आरपीआईसी स्कूल के छात्र अर्पित कुशवाहा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

आयोजकों के अनुसार इस सम्मान समारोह में जनपद के लगभग 15 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिसमें सर्वाधिक संख्या सिसवा बाजार स्थित आरपीआईसी स्कूल के विद्यार्थियों की रही। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनमें आगे बढ़ने का नया उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पंकज तिवारी ने की। इस अवसर पर भाजपा नेता धीरज तिवारी, सोमनाथ चौरसिया, पं. अवधेश चौबे, ओ. ए. जोसेफ, विकास चौरसिया सहित नमस्कार फाउंडेशन के पदाधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

नमस्कार फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह मेधा सम्मान समारोह जनपद में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ। फाउंडेशन अब तक चार जनपदों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर हजारों विद्यार्थियों को सम्मानित कर चुका है।


रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.