बृजमनगंज रेलवे जमीन में अतिक्रमण पर विभाग का चला बुल्डोजर
महराजगंज : रेलवे विभाग ने बृजमनगंज में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को रेलवे की जमीन पर वर्षों से चल रहे अवैध कब्जों पर विभाग का बुल्डोजर चला। इस दौरान कई अस्थायी और पक्के निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में सुबह 10 बजे से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ। रेलवे के अधिकारी जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे और बृजमनगंज स्टेशन के आसपास की जमीन को कब्जा मुक्त कराया। अभियान के दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे बनीं अवैध दुकानें, ठेले, गुमटियां और कुछ पक्के निर्माणों को तोड़ा गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार नोटिस देने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि बृजमनगंज में रेलवे की जमीन पर लंबे समय से अतिक्रमण था। इससे स्टेशन विस्तार और यात्री सुरक्षा में बाधा आ रही थी। विभाग की जमीन को कब्जा मुक्त कराना जरूरी था। आगे भी अभियान जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान किसी तरह के विरोध से निपटने के लिए बृजमनगंज पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर तैनात रही। हालांकि शांतिपूर्ण तरीके से अतिक्रमण हटाया गया। कुछ लोगों ने खुद ही अपना सामान हटा लिया।
बुल्डोजर चलते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई लोग अपना सामान समेटते नजर आए। जिन लोगों ने रेलवे सीमा में अपने चबूतरा, टीन लगवाए थे उन्हें बुल्डोजर से तोड़ दिया गया कई लोगों के आगे गड्ढे भी खुद दिए गए l रेलवे के अचानक इस हरकत से काफी दुकानदार दुखी नज़र आए l रेलवे विभाग ने चेतावनी दी है कि दोबारा कब्जा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान RPF अधिकारी संजय कुमार राय, कन्हैया सिंह, रेलवे इंजीनियर शिवम कुमार, थाना अध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा सहित अनेक जीआरपी आरपीएफ एवं स्थानीय पुलिस मौजूद रही l
रिपोर्टर : इरफ़ान
No Previous Comments found.