आईपीएल चीनी मिल सिसवा के इकाई प्रमुख ने किया गन्ना फसल का निरीक्षण

महराजगंज - सिसवा बाजार आईपीएल चीनी मिल सिसवा बाजार के इकाई प्रमुख श्री दीपेंद्र कुमार ने गुरुवार को मिल क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर गन्ना फसल की वर्तमान स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर गन्ना फसल में कीट एवं रोगों की स्थिति का जायजा लिया तथा किसानों से फसल प्रबंधन और उत्पादन से संबंधित जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान इकाई प्रमुख ने किसानों को समय-समय पर फसल की निगरानी करने, कीट एवं रोगों के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तत्काल उचित उपचार अपनाने तथा संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसान गन्ने की बेहतर पैदावार के साथ अपनी आय भी बढ़ा सकते हैं।

भ्रमण के क्रम में ग्राम खेशरारी में किसान श्री जनार्दन यादव, श्री राघव कुशवाहा एवं श्री धर्मेंद्र कुमार मल्ल द्वारा ट्रेंच विधि से बोई गई गन्ना फसल का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने खेतों में समय पर की गई मिट्टी चढ़ाई, फसल की बढ़वार एवं समुचित रखरखाव का अवलोकन किया और किसानों द्वारा किए जा रहे कृषि कार्यों की सराहना की। श्री दीपेंद्र कुमार ने कहा कि ट्रेंच विधि से गन्ने की खेती करने से फसल की अच्छी बढ़वार, बेहतर जल प्रबंधन तथा अधिक उत्पादन की संभावना रहती है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने और चीनी मिल के कृषि विभाग से समय-समय पर तकनीकी सलाह लेते रहने की अपील की।

इस अवसर पर किसानों ने भी गन्ना उत्पादन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और सुझावों से इकाई प्रमुख को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। चीनी मिल द्वारा किसानों को बेहतर तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए समय-समय पर ऐसे निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात भी कही गई।

रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.