धानी ढाला रेलवे क्रॉसिंग मार्ग पर झाड़ियों से बढ़ा हादसों का खतरा

महाराजगंज : बृजमनगंज नगर पंचायत बृजमनगंज के धानी ढाला रेलवे क्रॉसिंग मुख्य मार्ग तथा लेदवा चौराहे से मनसफगढ़ जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे उगी नरकट, सरपत और घनी झाड़ियों से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन समय रहते दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को हर दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियों से सड़क संकरी हो गई है। लेदवा चौराहे से मनसफगढ़ जाने वाले मार्ग पर कई स्थानों पर झाड़ियां सड़क तक फैल गई हैं। अंधे मोड़ और घुमावदार पुलिया के पास दृश्यता पूरी तरह प्रभावित होने से आमने-सामने वाहनों के आने का अंदाजा नहीं लग पाता। ओवरटेक के दौरान भी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। मुख्य मार्ग से जुड़ी लिंक सड़कों से आने वाले वाहन भी झाड़ियों के कारण दिखाई नहीं देते। वहीं, झाड़ियों के बीच से अचानक मवेशियों के सड़क पर आ जाने से भी हादसे का खतरा बना रहता है।
क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर पंचायत प्रशासन से सड़क किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते झाड़ियों की कटाई नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।

रिपोर्टर : इरफ़ान अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.