बृजमनगंज नगर पंचायत ने उठाया हरियाली का संकल्प, 650 पेड़ लगाने का लक्ष्य
महराजगंज : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के संकल्प के साथ आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में "वन महोत्सव 2026" के तहत वृहद वृक्षारोपण अभियान शुरू किया गया। इस अभियान के तहत नगर पंचायत क्षेत्र में 650 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।अभियान की शुरुआत रविवार को नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने "एक पेड़ मां के नाम" थीम के अंतर्गत पौधा लगाकर की। इस दौरान उन्होंने आमजन से भी अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से प्रेरणा लेकर नगर पंचायत ने यह लक्ष्य रखा है। पेड़ ही हमारे जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और गर्मी से बचाव के लिए हर नागरिक को कम से कम एक पेड़ लगाना चाहिए और उसे मां की तरह पालना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बृजमनगंज को आदर्श नगर पंचायत बनाने की दिशा में हरियाली सबसे जरूरी है। इसी उद्देश्य से नगर के स्कूल, पार्क, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर 650 पौधे लगाए जाएंगे।नगर पंचायत प्रशासन द्वारा लगाए जाने वाले पौधों में छायादार, फलदार और औषधीय प्रजातियों के पेड़ शामिल हैं, ताकि पर्यावरण के साथ-साथ लोगों को इसका सीधा लाभ भी मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के कर्मचारी कासिम, दीपक विश्वकर्मा, सागर कन्नौजिया,सभासद अंबेडकर कुमार, झीनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, अनिल मणि, दिलीप कन्नौजिया, सनी रैना, विनय कुमार सहित सफाई कर्मचारी पौधारोपण मे मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण बचाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
रिपोर्टर : इरफ़ान अहमद
No Previous Comments found.