15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों के साथ गो सम्मान आह्वान अभियान का ज्ञापन सौंपा गया
महाराजगंज : गोमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के तहत सोमवार को महराजगंज में जिलाधिकारी के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन एवं प्रार्थना-पत्र सौंपा गया। अभियान के तहत जिले से लगभग 6 लाख नागरिकों के हस्ताक्षर सरकार को प्रेषित किए गए।
जिला प्रभारी योगेश जायसवाल ने बताया कि देशभर में पिछले छह माह से संतों, गौसेवकों और गोभक्तों के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने, राष्ट्रीय गो-चारा नीति सहित 30 से अधिक प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी गई हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में 27 अप्रैल 2026 को देशभर की करीब 5,000 तहसीलों से 5 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपा गया था। मांगों पर अपेक्षित निर्णय नहीं होने के बाद दूसरे चरण में देशभर के सभी जिलों से 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों के साथ अनुस्मारक प्रार्थना-पत्र सरकार को भेजा गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत गोमाता के पूजन, शंखनाद और "श्री राम जय राम जय जय राम" विजय मंत्र के सामूहिक जप के साथ हुई। इसके बाद गोभक्तों ने झंडे, बैनर, प्लेकार्ड और भजन-कीर्तन के साथ शांतिपूर्ण प्रार्थना-यात्रा निकालते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण की झांकी और हस्ताक्षर अभियान का प्रतीकात्मक प्रदर्शन भी किया गया।
अभियान के प्रतिनिधियों ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सरकार से सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की तथा कहा कि यह अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से आगे भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर योगेश जायसवाल, संत बालक दास, राकेश त्रिपाठी, अमित पुरी, अरविंद सिंह, सचिन पांडेय, विशाल पुष्कर, अंकित लाठ, सतीश मद्धेशिया, दीपक गुप्ता, ज्ञानेंद्र पाठक, विजय कृष्ण शांडिल्य, हरि लाल, नंद लाल, राम भुआल, पप्पू वर्मा, तेज प्रताप मद्धेशिया, अनुराग जायसवाल, ॐ प्रकाश सहित सैकड़ों गौ-प्रेमी, संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.