पूर्व मंत्री टिबड़ेवाल ने परिवार से मुलाकात कर आर्थिक सहायता दी
महराजगंज : महराजगंज कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम बरवा द्वारिका के पास 24 जुलाई की रात एक अनियंत्रित ट्रेलर और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ग्राम सभा रजवल मदरहा निवासी कृष्णा और उनके चचेरे भाई शिवलाल की मृत्यु हो गई।
मंगलवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल मृतकों के पैतृक आवास ग्राम रजवल मदरहा पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।मुलाकात के दौरान घर का माहौल गमगीन रहा। मृतक कृष्णा और शिवलाल के पिता व अन्य परिजनों ने पूर्व मंत्री को अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने शिकायत की कि दुर्घटना के बाद से अभी तक कोई भी अधिकारी उनके घर नहीं आया है।पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने मौके पर ही दोनों पीड़ित परिवारों को पांच-पांच हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि वह दुख की इस घड़ी में उनके साथ हैं और भविष्य में भी हर संभव सरकारी व व्यक्तिगत मदद दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने प्रशासन से भी उचित मुआवजे की मांग करने की बात कही।पीड़ित परिवार ने पूर्व मंत्री से गांव में सफाई व्यवस्था को लेकर भी शिकायत की। उन्होंने बताया कि गांव में नालियां जाम और टूटी हुई हैं, तथा सफाईकर्मी नियमित रूप से नहीं आते हैं। उनके घर के बाहर की नालियां भी गंदगी से भरी पड़ी हैं।इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष विद्या सागर यादव, सपा नेता प्रवीण सिंह, सहजाद, शैलेश अग्रवाल, सुरेंद्र भारतीय, जाफर अली, अमरनाथ यादव, हिरालाला, राजन यादव, रघुवर यादव, फिरोज अहमद, राकेश यादव, अशोक चौहान, अहमद हुसैन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्टर : अरुणेश कुमार गुप्ता
No Previous Comments found.