मुख्यमंत्री से मिला सिसवा व्यापार मंडल का प्रतिनिधिमंडल, तहसील और मंडी समिति बनाने की मांग प्रमुख मुद्दा

महराजगंज : सिसवा विधानसभा के विधायक प्रेम सागर पटेल के नेतृत्व में सिसवा व्यापार मंडल एवं क्षेत्र के सामाजिक प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष सिसवा को तहसील का दर्जा देने तथा मंडी समिति की स्थापना की मांग प्रमुखता से रखी। साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास, व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार, जनहित से जुड़े अधोसंरचनात्मक कार्यों और नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने कहा कि सिसवा नगर पूर्वांचल का महत्वपूर्ण व्यापारिक केंद्र है। जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति और व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए तहसील का गठन तथा मंडी समिति की स्थापना क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग है। इससे प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी और व्यापारियों के साथ-साथ आम जनता को भी बड़ा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने विधायक प्रेम सागर पटेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की महत्वपूर्ण मांगों को प्रभावी ढंग से रखने का अवसर मिला। प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार सिसवा के विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी अपेक्षाओं को पूरा करेगी।

इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी, युवा व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने इसे सिसवा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल बताया।


रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.