नगरपालिका अध्यक्ष ने आउटसोर्सिंग पर एक-एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा की

महराजगंज : महराजगंज सिसवा नगर पालिका परिषद के मीराबाई नगर वार्ड स्थित पोखरा टोला में निर्माणाधीन सरोवर में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल और उनके प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।यह घटना रविवार दोपहर की है, जब चार मासूम बच्चे निर्माणाधीन सरोवर में नहाने गए थे। इसी दौरान तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। एक बालक किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।हादसे में नीतीश यादव, रोहन और कृष्णा रौनियार नामक तीन बच्चों की मौत हो गई। इन मासूमों की मौत की खबर से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। जिन घरों में बच्चों की किलकारियां गूंजते थे, वहां अब मातम पसरा है। इस घटना ने स्थानीय लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है और क्षेत्र में गम के साथ आक्रोश का माहौल भी बना हुआ है।नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल और प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने बच्चों की असमय मौत को बेहद पीड़ादायक बताया। उन्होंने घोषणा की कि मृतक बच्चों के परिजनों में से एक-एक व्यक्ति को नगर पालिका में आउटसोर्सिंग के माध्यम से नौकरी उपलब्ध कराई जाएगी। नगर पालिका की इस पहल को हादसे में अपना सबकुछ खो चुके परिवारों के लिए आर्थिक सहारा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।अध्यक्ष और प्रतिनिधि ने यह भी कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। नौकरी की घोषणा के साथ ही, नगर पालिका की ओर से परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया गया है। यह पहल तीन मासूमों की मौत से सदमे में डूबे परिवारों को आर्थिक रूप से कुछ राहत प्रदान करने वाली मानी जा रही है।

 रिपोर्टर : अरुणेश कुमार गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.