कर्मचारी की मौत,पत्नी ने मिल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

महराजगंज - इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) सिसवा इकाई के कर्मचारी अरविंद सिंह की मौत के बाद मिल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगे हैं। मृतक की पत्नी भानुप्रिया सिंह ने कोठीभार थाने में तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने मिल के अधिकारियों और कर्मचारियों पर पति को मानसिक रूप रूप से प्रताड़ित करने और नौकरी से हटाने की धमकी देने का आरोप लगाया है भानुप्रिया सिंह के अनुसार, उनके पति अरविंद सिंह आईपीएल की सिसवा इकाई के चिकित्सालय में लगभग 22 वर्षों से कार्यरत थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि पिछले करीब एक वर्ष से यूनिट हेड और एचआर द्वारा उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था और नौकरी से हटाने की धमकियां दी जा रही थीं।

तहरीर में बताया गया है कि लगभग चार माह पूर्व प्रबंधन कमेटी ने अरविंद सिंह को बिना किसी विधिक नोटिस के पद से हटा दिया था। इसके बाद अरविंद सिंह ने श्रम आयुक्त, गोरखपुर मंडल के न्यायालय में एक वाद दायर किया था, जो वर्तमान में विचाराधीन है।पत्नी का आरोप है कि मुकदमे की जानकारी मिलने के बाद प्रबंधन की ओर से उनके पति पर केस वापस लेने का दबाव बनाया गया। जब उन्होंने इनकार किया, तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे वह अवसाद में चले गए।भानुप्रिया सिंह ने आरोप लगाया है कि 5 अगस्त की शाम करीब सात बजे मिल के कुछ कर्मचारी उनके घर पहुंचे और मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर उन्हें कथित रूप से धमकी दी गई। इसी दौरान अरविंद सिंह की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने उनका उपचार कराया, लेकिन 7 अगस्त को उनकी मृत्यु हो गई।इस मामले में कोठीभार थाने के एसओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि उन्हें तहरीर मिल गई है। जांच-पड़ताल करने के बाद मुकदमे की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।

रिपोर्टर - अरुणेश कुमार गुप्ता

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.