सिसवा को जनता विवाह भवन, एंबुलेंस, मोक्ष रथ और लाइब्रेरी का लोकार्पण व शिलान्यास
महराजगंज : सिसवा बाजार स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर सिसवा नगर पालिका वासियों को विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात मिली है। शनिवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल द्वारा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह है।
कम खर्च में मिलेगी मैरिज हॉल की सुविधा विवेकानंद नगर वार्ड स्थित गुड़ गोदाम परिसर में लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक 'जनता' विवाह भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन के शुरू होने से सामान्य और मध्यमवर्गीय परिवारों को शादी-विवाह व अन्य सांस्कृतिक आयोजनों के लिए महंगे निजी मैरिज हॉल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। नगर पालिका इसे बेहद किफायती दरों पर उपलब्ध कराएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देते हुए नगर पालिका को एक अत्याधुनिक एंबुलेंस और दो मोक्ष रथ की सौगात मिली। इस एंबुलेंस से गंभीर मरीजों को सिसवा से गोरखपुर और गोरखपुर से लखनऊ के बड़े अस्पतालों तक ले जाने में आसानी होगी, जिससे लोगों को निजी एंबुलेंस के भारी-भरकम किराये से राहत मिलेगी। वहीं दो मोक्ष रथों के आने से जरूरतमंद परिवारों को पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार स्थल तक पहुंचाने की नि:शुल्क/सस्ती सुविधा मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका कार्यालय परिसर में एक नई लाइब्रेरी के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया गया। इस लाइब्रेरी के बनने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, विद्यार्थियों और पुस्तक प्रेमियों को शांत और अध्ययन योग्य माहौल मिलेगा।अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य केवल सड़क और नाली निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकार से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराना असली प्राथमिकता है। उन्होंने सिसवा को एंबुलेंस और मोक्ष रथ की सुविधा दिलाने में सहयोग के लिए नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का आभार व्यक्त किया।
रिपोर्टर : अरुणेश कुमार गुप्ता
No Previous Comments found.