तालाब में डूबने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, नशे की हालत में पैर फिसलने की आशंका
महाराजगंज : कोठीभार थाना क्षेत्र के रामपुरवा गांव में शुक्रवार सुबह तालाब में डूबने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामचंद्र चौधरी पुत्र स्व. नथुनी चौधरी निवासी रामपुरवा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्र चौधरी के अत्यधिक शराब सेवन करने की बात सामने आई है। पुलिस के प्रारंभिक आकलन में आशंका जताई जा रही है कि शुक्रवार सुबह वह नशे की हालत में तालाब के किनारे पहुंचे होंगे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गए और बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।
पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 11 बजे दूरभाष के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की हालत में पैर फिसलने के बाद तालाब में डूबने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.