सिसवा नगर के विकास को मिली बड़ी सौगात, आरसीसी नाला निर्माण के लिए ₹2 करोड़ स्वीकृत
महराजगंज - नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार में बेहतर जलनिकासी व्यवस्था और नगर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर में आरसीसी नाला निर्माण कार्य के लिए ₹200 लाख यानी ₹2 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस स्वीकृति से नगर के विभिन्न वार्डों में जलनिकासी व्यवस्था को मजबूत करने और जलभराव की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी।
आरसीसी नाला निर्माण की स्वीकृति को नगर के विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को कम करने के साथ ही नगर की साफ-सफाई एवं जलनिकासी व्यवस्था में भी सुधार आने की उम्मीद है। इस महत्वपूर्ण विकास कार्य के लिए नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद एवं अभिनंदन किया।
गिरजेश जायसवाल ने कहा कि नगर का विकास और जनहित सर्वोपरि है। सिसवा नगर पालिका क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी विकास कार्यों की गति को बनाए रखते हुए जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। ₹2 करोड़ की स्वीकृति से नगरवासियों में भी विकास कार्यों को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। माना जा रहा है कि आरसीसी नाला निर्माण से सिसवा बाजार के कई हिस्सों में जलनिकासी व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.