सड़क किनारे कुत्तों के बीच रोता मिला मासूम, पुलिस ने शुरू की जांच

महराजगंज - नगरपालिका सिसवा के वार्ड नंबर पांच गांधी नगर स्थित नारी टोला में शनिवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे मिट्टी और कीचड़ से सना एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिला। समय रहते लोगों की नजर पड़ने और तत्काल अस्पताल पहुंचाए जाने से मासूम की जान बच गई। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। नारी टोला निवासी गोपाल पांडेय के घर के सामने कुत्तों के झुंड के बीच नवजात के रोने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने झाड़ियों और कीचड़ के बीच बच्चे को रोते हुए देखा। पास में कुत्ते मंडरा रहे थे।

सूचना मिलते ही वार्ड सभासद शिबू मल्ल मौके पर पहुंचे और नवजात को सुरक्षित उठाकर तत्काल कोठीभार पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बच्चे को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां अधीक्षक डॉ. ईश्वरचंद्र विद्यासागर के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया।

डॉ.विद्यासागर के अनुसार अस्पताल पहुंचने के समय नवजात की हालत गंभीर थी और शरीर पर मिट्टी-कीचड़ लगा होने के कारण संक्रमण का खतरा था। समय पर उपचार मिलने से फिलहाल बच्चे की हालत नियंत्रण में है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। घटना की जानकारी पर सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य भी अस्पताल पहुंचे और बच्चे के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पुलिस ने नवजात को अपनी निगरानी में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्चे को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द करने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

माता-पिता की तलाश में जुटी पुलिस

नवजात को इस तरह लावारिस छोड़ने की घटना से क्षेत्र में सनसनी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रसव से संबंधित जानकारी खंगाल रही है, ताकि बच्चे को छोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाया जा सके। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.