बारिश के पानी के छींटे को लेकर भिड़े दो पक्ष, मारपीट में घायल युवक की मौत
महराजगंज - कोठीभार थाना क्षेत्र के लोहेपार गांव में बुधवार को मामूली विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक सोनू यादव की शुक्रवार की शाम गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
जानकारी के अनुसार,लोहेपार गांव में बारिश के पानी का छींटा पड़ने को लेकर प्रदीप और प्रेम यादव के परिजनों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल सिसवा बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। हालत में सुधार न होने पर उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी थी। प्रदीप ने आरोप लगाया कि मुकेश यादव शराब के नशे में उसके और परिवार के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहे थे। विरोध करने पर अपने परिजनों के साथ मिलकर मारपीट की गई। वहीं, दूसरे पक्ष के प्रेम यादव ने आरोप लगाया कि बारिश के पानी का छींटा पड़ने को लेकर प्रदीप और उसके परिवार के लोगों ने मारपीट की, जिसमें सोनू यादव गंभीर रूप से घायल हुआ।
थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि मारपीट की शिकायत पर दोनों पक्षों के मुकेश,रामकरन सहित अन्य तथा दूसरे पक्ष के राम आशीष, प्रदीप, गुलशन और लालू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। सोनू यादव की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.