शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर गरजा प्राथमिक शिक्षक संघ, बीएसए को सौंपा ज्ञापन

महराजगंज  : शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने सोमवार को बीएसए कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी एवं जिलामंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान, दिव्यांग वाहन भत्ता, कैशलेस चिकित्सा योजना, वेतन बहाली और प्रभारी प्रधानाध्यापकों के वेतन-एरियर सहित कई महत्वपूर्ण समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।

संघ ने लंबित चयन वेतनमान के मामलों का तत्काल निस्तारण कराने की मांग की। इस पर बीएसए ने पटल सहायक को निर्देशित कर सिसवा, लक्ष्मीपुर, पनियरा और परतावल ब्लॉकों के चयन वेतनमान का आदेश उपलब्ध कराया। साथ ही खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयन वेतनमान के प्रकरण ब्लॉक स्तर पर लंबित न रहें और तीन कार्यदिवस में पत्रावलियां जिला कार्यालय को उपलब्ध कराई जाएं।

प्रतिनिधिमंडल ने जनवरी एवं जुलाई में देय प्रोन्नत वेतनमान का लाभ पात्र शिक्षकों को शीघ्र दिलाने, दिव्यांग शिक्षकों को वाहन भत्ता दिलाने तथा मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के लंबित आवेदनों को स्वीकृत कराने की मांग की। जिन शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटा गया है और उनका स्पष्टीकरण कार्यालय में जमा हो चुका है, उनका वेतन भी शीघ्र बहाल करने की मांग रखी गई।

इसके अलावा शिक्षक भवन को पुस्तक स्टोर से खाली कराकर संगठन की बैठकों एवं शिक्षा उन्नयन गोष्ठियों के लिए उपलब्ध कराने, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था के लिए विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष को प्रधानाध्यापक के साथ सह-खातेदार बनाने, प्रभारी प्रधानाध्यापकों को प्रधानाध्यापक के समान वेतन एवं एरियर देने, ब्लॉक स्तर पर SNA स्पर्श खाता खोलने तथा विद्यालय स्तर पर पुस्तकों का वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की गई।

संघ ने सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर कार्यवृत्ति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। बीएसए ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष मनौव्वर अली, जिला संयुक्त मंत्री अखिलेश पाठक, राघवेंद्र पांडेय, अरविंद गुप्ता, धन प्रकाश त्रिपाठी, विजय यादव, राजेश यादव, मनोज वर्मा, वीरेंद्र मौर्य, धीरज शाही, चंद्रभूषण पटेल, डीके सिंह, विवेक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.