FD पर 20 हजार की सीमा से अभिकर्ताओं में आक्रोश, वरिष्ठ डाक अधीक्षक से लगाई गुहार
बृजमनगंज/महराजगंज : आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के उप डाकघर में कार्यरत महिला/पुरुष अभिकर्ताओं के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उप डाकघर के SPM द्वारा अभिकर्ताओं को 20,000 रुपये से अधिक का फिक्स्ड डिपॉजिट (Fixed Deposit) न करने का मौखिक आदेश दिया गया है, जिससे अभिकर्ताओं में भारी आक्रोश है।
इस संबंध में अभिकर्ता संघ बृजमनगंज के अध्यक्ष गौरव जायसवाल एवं समस्त महिला/पुरुष अभिकर्ताओं ने वरिष्ठ डाक अधीक्षक, प्रवर डाकघर, गोरखपुर मंडल को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। पत्र की प्रति क्षेत्रीय डाक अधीक्षक व उप डाक अधीक्षक, गोरखपुर मंडल को भी दी गई है। अभिकर्ताओं ने पत्र में लिखा है कि "बृजमनगंज उप डाकघर के समस्त अभिकर्ता बंधुओं द्वारा किए जाने वाले फिक्स्ड डिपॉजिट, जो उप डाकघर के आय व बिजनेस को बढ़ाने का कार्य करते हैं, पर SPM द्वारा बताया गया कि जितने भी महिला/पुरुष अभिकर्ता हैं उन सभी के अंडर में 20000/- से अधिक फिक्स्ड डिपॉजिट नहीं किया जाएगा। जिससे हम लोगों के रोजी-रोटी पर संकट बन गया है। अचानक इस नए नियम से अभिकर्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विगत कई महीनों से हम अभिकर्ताओं के कार्य बाधित हैं।"
अभिकर्ताओं ने आगे लिखा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से डाकघर के बिजनेस को बढ़ाने के लिए कार्य कर रहे हैं। इस प्रकार की सीमा निर्धारित करने से न केवल उनके आय के स्रोत पर असर पड़ रहा है, बल्कि डाक विभाग के बिजनेस में भी कमी आ रही है।
संघ ने वरिष्ठ अधिकारी से मांग की है कि अभिकर्ताओं द्वारा 20000/- से अधिक फिक्स्ड डिपॉजिट करने की अनुमति प्रदान की जाए, जिससे वे अपना कार्य निर्बाध रूप से जारी रख सकें और डाक विभाग के विकास में योगदान दे सकें।
इस पत्र पर अभिकर्ताओं के रूप में सुनीता, प्रियंका, गौरव, धनुषधारी, संदीप, R.K. Verma सहित कई लोगों के हस्ताक्षर हैं।
रिपोर्टर : इरफ़ान अहमद
No Previous Comments found.