बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं को किया जागरूक
महाराजगंज : मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत रविवार को थाना कोठीभार क्षेत्र के बड़हरा महंत में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में करीब 35 महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
महिला उपनिरीक्षक नेहा कुमारी और महिला कांस्टेबल प्रियंका शाह ने महिलाओं एवं बालिकाओं को छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार सहित अन्य महिला अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।
पुलिस टीम ने महिलाओं को 112, 1090, 102 और 181 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध से बचाव और शिकायत करने के तरीकों के बारे में भी बताया गया। बालिकाओं को घर से भागने के कारण उत्पन्न होने वाली व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक समस्याओं के प्रति भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं ने हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी को उपयोगी बताते हुए कहा कि अब वे बिना डर और संकोच के अपनी समस्याओं की शिकायत संबंधित हेल्पलाइन के माध्यम से कर सकेंगी।
महिलाओं ने मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस सम्मेलन को सकारात्मक एवं साहस बढ़ाने वाली पुलिस पहल बताते हुए इसकी सराहना की।
रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.