पशुपालकों को बीमारी से बचाव के प्रति किया जागरूक, गाय-भैंस व बकरियों का हुआ निःशुल्क टीकाकरण और दवा वितरण

महाराजगंज : नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के वार्ड नंबर 16, सबया उत्तर टोला स्थित सरदार पटेल नगर में आज सेवा संकल्प अभियान के तहत पशुपालन विभाग, जनपद महराजगंज के तत्वावधान में वृहद पशु चिकित्सा एवं जागरूकता कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में गांव के पशुपालक भाइयों एवं महिलाओं को पशुओं को विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान वार्ड के उन घरों में, जहां गाय, भैंस अथवा बकरी पाली जाती है, पशुओं का लंपी वायरस, खुरपका-मुंहपका सहित अन्य बीमारियों से बचाव के लिए निःशुल्क टीकाकरण कराया गया। इसके साथ ही पशुपालकों को आवश्यक दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया गया।

कैंप में डॉ. अरविंद पाण्डेय, डॉ. दीपक दुबे एवं सिसवा के पशु चिकित्सक प्रभारी डॉ. नागेंद्र प्रताप मल्ल सहित पशुपालन विभाग की चिकित्सकीय टीम ने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए टीकाकरण किया। चिकित्सकों ने पशुपालकों को पशुओं की नियमित देखभाल, साफ-सफाई और समय-समय पर टीकाकरण कराने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।

इस अवसर पर वार्ड सभासद एडवोकेट अभिमन्यु चौरसिया ने कहा कि पशुधन ग्रामीण परिवारों की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। पशुओं को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए समय पर टीकाकरण और जागरूकता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से वार्ड में यह वृहद कैंप आयोजित कराया गया, ताकि प्रत्येक पशुपालक तक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पशुपालकों और उनके पशुओं के हित में इस तरह के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का समय से टीकाकरण कराएं और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करें।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.