गणपति बप्पा की भव्य विदाई में उमड़ा आस्था का सैलाब, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से गूंजा सिसवा
महाराजगंज - सिसवा कस्बा गणपति बप्पा की विदाई के रंग में सराबोर नजर आया। नगर के अलग-अलग हिस्सों में स्थापित लगभग एक दर्जन गणेश प्रतिमाओं को लेकर भव्य विसर्जन यात्रा निकाली गई। सजे-धजे रथ, आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तों के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने गणपति की आरती और दर्शन कर पुष्प अर्पित किए तथा अगले वर्ष पुनः आगमन की प्रार्थना के साथ विदाई दी।
इस्टेट चौक,हनुमानगढ़ी,सब्जी मंडी,गोपालनगर, फलमंडी और अमरपुरवा समेत कई स्थानों पर स्थापित प्रतिमाओं को तय व्यवस्था के तहत इस्टेट तिराहे पर लाया गया। प्रशासन की ओर से निर्धारित क्रम के अनुसार समितियां एक के बाद एक शोभायात्रा में शामिल हुईं। इसी क्रम में ‘सिसवा के महाराज’ की शोभायात्रा ने नगर भ्रमण शुरू किया। मार्ग में झांकियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
हिंदू कल्याण मंच और हनुमानगढ़ी समिति की ओर से निकाली गई यात्रा में बालिकाओं एवं युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में डांडिया और गरबा प्रस्तुत किया। ढोल की लय पर उनकी प्रस्तुति ने माहौल में उत्साह भर दिया। कई स्थानों पर राहगीर भी रुककर कार्यक्रम देखते रहे। युवाओं ने भक्तिमय डीजे गीतों पर नृत्य करते हुए गणपति बप्पा के जयकारे लगाए।
शोभायात्रा श्रीरामजानकी मंदिर रोड से आगे बढ़ते हुए अमरपुरवा, गोपालनगर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन रोड, फलमंडी, सायर स्थान रोड और मस्जिदिया ढाला के रास्ते खेखड़ा घाट की ओर रवाना हुई। देर रात नारायणी नदी के घाट पर वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी
विसर्जन यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी। एसडीएम अवनीश त्रिपाठी और सीओ रविंद्र सिंह के निर्देशन में कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा तथा सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य पुलिस बल के साथ तैनात रहे। करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस के अलावा महिला पुलिसकर्मी और पीएसी के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए। पूरे यात्रा मार्ग पर पुलिस की निगरानी के बीच श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी रही। आस्था,उल्लास और भक्ति से सराबोर माहौल में गणपति बप्पा को भावपूर्ण विदाई दी गई।
रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया
No Previous Comments found.