बच्ची की मौत के बाद सिसवा सीएचसी पहुंचे सीएमओ, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

महाराजगंज : सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पांच वर्षीय बच्ची की मौत के बाद मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल बढ़ गई। सोमवार को जहरीले जीव के काटने से सिसवा नगर पालिका के चौधरी चरण सिंह वार्ड निवासी मनोहर की पांच वर्षीय बेटी त्रिशा की तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उसे उपचार के लिए सिसवा सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय बच्ची की हालत और बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बच्ची की मौत के बाद परिजन शव लेकर घर लौट गए। देर शाम परिजन सिसवा सीएचसी पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मिलने के बाद मंगलवार को सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. वीरेंद्र आर्या अचानक सिसवा सीएचसी पहुंचे।

अधिकारियों के पहुंचते ही अस्पताल परिसर में स्वास्थ्यकर्मियों में हलचल तेज हो गई। दोनों अधिकारियों ने ओपीडी सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध मेडिकल उपकरण एवं अन्य आवश्यक सामान, मरीजों के उपचार की व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का भी जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. ईश्वर चन्द्र विद्यासागर से अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों के उपचार से संबंधित जानकारी ली। बच्ची की मौत के बाद हुए इस निरीक्षण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता से मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.