सिसवा में जलभराव से मिलेगी राहत, सात आरसीसी नालों के लिए 2.18 करोड़ रुपये मंजूर
महाराजगंज - नगर पालिका परिषद सिसवा में जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शासन ने सीवरेज एवं जल निकासी योजना के तहत नगर क्षेत्र में सात आरसीसी नालों के निर्माण के लिए 2 करोड़ 18.86 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की है। इसके साथ ही योजना की पहली किस्त के रूप में 1 करोड़ 10 लाख रुपये जारी करने की भी स्वीकृति मिल गई है। शासनादेश 23 सितंबर 2026 को जारी किया गया है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब संबंधित क्षेत्रों में नाला निर्माण का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इन नालों के निर्माण से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावित वार्डों के लोगों को काफी राहत मिलने की संभावना है। शासन की स्वीकृत सूची के अनुसार वार्ड नंबर 15 कबीरनगर में एनटी पब्लिक स्कूल से बिंदेश्वर मणि त्रिपाठी के घर तक,पोखरी से राधेश्याम पंसारी के घर तक, सुलभ शौचालय के सामने से सोनू पटवा की दुकान तक तथा दुर्गा के घर से शिवनाथ के घर तक आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा।
इसी तरह वार्ड नंबर 17 इंदिरा नगर में रूडल के घर से भीम यादव के घर होते हुए अमलावती के घर तक नाला बनाया जाएगा। वहीं वार्ड नंबर 25 मीराबाई नगर में नाजी के घर से रामबेलास के घर तक तथा सुधीर सिंह के घर से रंजना के घर तक आरसीसी नाले का निर्माण प्रस्तावित है।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने बताया कि जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद संबंधित वार्डों में नाला निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
नगर क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था मजबूत होने से बारिश के दिनों में सड़क और मोहल्लों में पानी जमा होने की समस्या कम होने की उम्मीद है। शासन की ओर से मंजूर धनराशि से प्रस्तावित सभी कार्य पूरे होने के बाद इन वार्डों के लोगों को जलभराव से काफी राहत मिलने की संभावना है।
रिपोर्टर - मनीष कुमार कन्नौजिया

No Previous Comments found.