एस.एस. इंटर कॉलेज करमही में आयोजित हुआ ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम

महाराजगंज : एस.एस. इंटर कॉलेज, करमही के प्रांगण में प्रधानमंत्री जी द्वारा संचालित ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, एकता, सद्भाव, संस्कार एवं शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता वरिष्ठ भाजपा नेता अजय कुमार श्रीवास्तव रहे। अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक अजय कुमार मिश्र ने की। कार्यक्रम का संचालन शैलेश पटेल ने किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्य वक्ता अजय कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का भविष्य केवल सपनों से नहीं, बल्कि एकता, सद्भाव, संस्कार, शिक्षा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी से निर्मित होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से जाति, क्षेत्र और अन्य भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य के साथ-साथ वर्तमान को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनके विचारों में राष्ट्रप्रेम, आचरण में संस्कार और संकल्प में देश के प्रति जिम्मेदारी होनी चाहिए। सकारात्मक सोच और मजबूत संकल्प के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य आदित्य कुमार पाण्डेय सहित शिक्षक राकेश कुमार गुप्ता, श्रवण मिश्र, मोहिनी पाण्डेय समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत और विकसित भारत’ के संकल्प के साथ विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.