26 से 30 अक्टूबर तक रामलीला मंचन, 31 अक्टूबर को रावण दहन और एक नवंबर को भरत मिलाप का आयोजन

महाराजगंज : नगर पालिका परिषद सिसवा में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हिंदू कल्याण मंच के तत्वावधान में भव्य रामलीला का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को श्री श्याम मंदिर परिसर में मंच की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें रामलीला मंचन, रावण दहन, भरत मिलाप सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर पदाधिकारियों ने विस्तार से चर्चा की और जिम्मेदारियां तय कीं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 26 से 30 अक्टूबर तक रामलीला का मंचन किया जाएगा। वहीं 31 अक्टूबर को रावण दहन की तैयारी की जाएगी। इसके बाद एक नवंबर को रावण दहन मेला एवं भरत मिलाप का आयोजन श्री श्याम मंदिर प्रांगण में किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष प्रमोद मद्धेशिया ने की। उन्होंने बताया कि रामलीला की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मंच निर्माण, लाइट-साउंड, सुरक्षा व्यवस्था और कलाकारों के ठहरने समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। इसके साथ ही चंदा संग्रह एवं प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी भी निर्धारित की गई है।

मंच के मुख्य संरक्षक नितेश श्रीवास्तव ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक मंचन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की जीवंत परंपरा है। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष आयोजन को और भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारी है।

मंच के महामंत्री विकास कुमार जायसवाल ने बताया कि आयोजन की विशेषता यह है कि नगर के स्कूली बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण देकर रामलीला में प्रमुख भूमिकाएं दी जाती हैं। इससे बच्चों में धर्म, संस्कार, कर्तव्य, ईमानदारी और निस्वार्थ सेवा जैसे मूल्यों के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

गौरतलब है कि सिसवा की यह रामलीला गीत, संवाद और नृत्य के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती है। आयोजन को लेकर नगरवासियों में भी उत्साह का माहौल है।

बैठक में रविराज जायसवाल, दीपक जायसवाल, आशीष अग्रवाल, विशाल सिंह, आनंद श्रीवास्तव, जय हिंद गुप्ता, अंकित लाठ सहित हिंदू कल्याण मंच के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.