दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर सिसवा नगर पालिका प्रशासन अलर्ट, पंडालों के आसपास सफाई और सड़क मरम्मत तेज

महाराजगंज : आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सिसवा नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास शुक्रवार से विशेष साफ-सफाई अभियान शुरू कराया गया। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उबड़-खाबड़ रास्तों को दुरुस्त करने के लिए मिट्टी और राबिश डलवाई जा रही है।

दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान सिसवा नगर के विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इस अवसर पर पूर्वांचल के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पंडालों के आसपास स्वच्छता, सुगम आवागमन और आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करना नगर पालिका प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है।

इसी को ध्यान में रखते हुए नगर के प्रमुख पूजा स्थलों के आसपास साफ-सफाई कराई जा रही है। जिन स्थानों पर सड़कें उबड़-खाबड़ हैं अथवा आवागमन में परेशानी होने की आशंका है, वहां मिट्टी और राबिश डालकर रास्तों को समतल बनाया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूजा पंडालों के आसपास बेहतर व्यवस्था बनी रहे।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने बताया कि दुर्गा पूजा महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसी क्रम में पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई और आवश्यक स्थानों पर रास्तों को दुरुस्त कराने का कार्य कराया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु सुगमता से मां दुर्गा के दर्शन कर सकें।

नगर पालिका प्रशासन की इस पहल से दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान स्वच्छता और आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्टर : मनीष कुमार कन्नौजिया

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.